
रांची: डीएवी पब्लिक स्कूल गांधीनगर में शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर महान हॉकी खिलाड़ी एवं ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके खेल जीवन, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्र के प्रति योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को खेल भावना, अनुशासन, ईमानदारी, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई। छात्रों ने खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और सदैव खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की शपथ ली।
डीएवी पब्लिक स्कूल्स झारखंड जोन-बी के एआरओ एम.के. सिन्हा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और सहयोग की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। प्राचार्य प्रदीप कुमार झा ने मेजर ध्यानचंद के जीवन को प्रेरणास्रोत बताते हुए विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन खेल भावना एवं उत्कृष्टता के प्रति संकल्प के साथ हुआ।
Leave a Reply