
रांची: वाईबीएन यूनिवर्सिटी का प्रथम दीक्षांत समारोह सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। समारोह में विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों को पीएचडी, स्नातकोत्तर, स्नातक और डिप्लोमा की उपाधियां प्रदान की गईं। विश्वविद्यालय की ओर से वर्ष 2025 तक के शैक्षणिक सत्रों के लिए कुल 10,030 विद्यार्थियों के पंजीकरण का अवसर उपलब्ध कराया गया था।
समारोह में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, संबलपुर स्थित गंगाधर मेहर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ब्योमकेश त्रिपाठी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कुलपति प्रो. सत्यदेव पोद्दार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और भावी योजनाओं की जानकारी दी। अतिथियों ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि ज्ञान और कौशल के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देना है।
समारोह में विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थियों के अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



