
रांची: एसबीयू, रांची के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक ने बुधवार को भुवनेश्वर स्थित बिरला ग्लोबल यूनिवर्सिटी में अकादमिक नेतृत्व विषय पर व्याख्यान दिया। इस दौरान उन्होंने उच्च शिक्षा में अकादमिक नेतृत्व की भूमिका, चुनौतियों और संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उच्च शिक्षा के विकास के लिए प्रभावी नेतृत्व और बेहतर संवाद व्यवस्था आवश्यक है। विद्यार्थियों को प्रेरित करने के लिए नेतृत्वकर्ताओं को रोल मॉडल के रूप में प्रस्तुत करने तथा उनके लिए स्पष्ट और व्यावहारिक लक्ष्य निर्धारित करने पर भी उन्होंने जोर दिया।
भुवनेश्वर प्रवास के दौरान प्रो. पाठक ने सेंचुरियन यूनिवर्सिटी का दौरा किया। यहां कौशल विकास कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। दोनों विश्वविद्यालयों के बीच हुए समझौते के तहत अब सरला बिरला विश्वविद्यालय के विद्यार्थी इंटर्नशिप के लिए सेंचुरियन विश्वविद्यालय जा सकेंगे।
वहीं, कीट विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सरनजीत सिंह और प्रो. पाठक के बीच दोनों संस्थानों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) करने पर सहमति बनी। एसबीयू प्रबंधन ने इन शैक्षणिक सहयोगों पर प्रसन्नता जताई है।



