
रांची: राज्य में एच1एन1 (स्वाइन फ्लू) को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शनिवार को राज्यभर की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी सिविल सर्जन, मेडिकल कॉलेजों के अधीक्षक-प्राचार्य और जिला सर्विलेंस पदाधिकारियों को सतत निगरानी के निर्देश दिए।
मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने संभावित मामलों की समय पर पहचान, जांच, उपचार और जरूरत पड़ने पर तत्काल रेफरल की व्यवस्था मजबूत करने को कहा। रिम्स समेत सभी मेडिकल कॉलेज और सदर अस्पतालों में अतिरिक्त 10 बेड सुरक्षित रखने, ऑक्सीजन, दवाओं, जांच सुविधाओं तथा आईसीयू/एचडीयू की तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
आईएलआई और एसएआरआई मामलों की निगरानी एवं रिपोर्टिंग प्रभावी बनाने के साथ एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। डॉ. अंसारी ने लोगों से अपील की कि बुखार, खांसी, गले में दर्द या सांस संबंधी परेशानी होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सकीय परामर्श लें। उन्होंने कहा कि सतर्क रहें, घबराएं नहीं।
Leave a Reply