
रंजन वर्मा /ख़बर आजतक
कसमार। सावन के अवसर पर रविवार को कसमार प्रखंड के खैराचातर स्थित प्रहरी मेला मैदान के समीप महिलाओं ने सावन महोत्सव का आयोजन किया। इसमें खैराचातर पंचायत सहित आसपास के गांवों की दर्जनों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हरे रंग की साड़ी, चूड़ी और बिंदी में सजी महिलाओं ने सावन की पारंपरिक छटा बिखेरी।

महोत्सव में महिलाओं ने सावन के गीतों पर समूह नृत्य प्रस्तुत किया। इसके अलावा विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में झूले का भी महिलाओं ने जमकर आनंद उठाया। गीत-संगीत और नृत्य से पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।
पूर्व पंचायत समिति सदस्य स्वर्णलता जायसवाल ने कहा कि सावन महोत्सव महिलाओं को आपस में मिलने-जुलने और खुशियां साझा करने का अवसर देता है। पूर्व मुखिया प्रतिमा देवी ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं की प्रतिभा को सामने लाने का बेहतर मंच हैं। अनिमा देवी ने कहा कि घरेलू जिम्मेदारियों के बीच इस तरह के कार्यक्रम महिलाओं को मनोरंजन और खुशी के पल देते हैं।
कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने सामूहिक भोजन किया और एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं। आयोजन का संचालन नायरा ने किया। मौके पर नीलम जायसवाल, कुमारी मिट्ठू, पार्वती राय, रेखा देवी, सुनीता जायसवाल सहित दर्जनों महिलाएं मौजूद रहीं।
Leave a Reply