Uncategorized

कोकर के टाटा ऑटो मोटर्स वर्कशॉप में भीषण आग, कई वाहन जलकर खाक

Khaberaajtak@gmail.com1 min read

रांची: राजधानी के कोकर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित वासुदेव टाटा ऑटो मोटर्स वर्कशॉप में रविवार सुबह करीब 5:30 बजे भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने वर्कशॉप में खड़े कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब चार से पांच वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जबकि कुछ अन्य वाहनों के भी प्रभावित होने की बात सामने आई है।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इसे वर्कशॉप के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में एक वाहन में आग लगने के बाद आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों के चपेट में आने की बात सामने आई है। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस आर्थिक नुकसान का भी आकलन कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *