
गिरिडीह : गिरिडीह जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम 2026 के तहत 15 अगस्त 2026 को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष ग्राम सभा/सभा का आयोजन किया जाएगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने का निर्देश दिया है।

ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित मतदान केंद्रों से जुड़े पंचायत भवनों में ग्राम सभा, जबकि शहरी क्षेत्रों में सभी मतदान केंद्रों पर सभा आयोजित होगी। इसमें संबंधित बीएलओ और चुनाव पाठशाला के सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

सभा के दौरान ड्राफ्ट मतदाता सूची में दर्ज सभी मतदाताओं के नाम पढ़कर सुनाए जाएंगे। सूची से छूटे पात्र नागरिकों की पहचान की जाएगी। वहीं 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिकों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रपत्र-6 के माध्यम से पंजीकरण आवेदन लिया जाएगा।
मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर प्रपत्र-8 के जरिए सुधार के लिए आवेदन करने की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा सूची में शामिल अपात्र व्यक्तियों की पहचान, नोटिस एवं सत्यापन अवधि में आवश्यक दस्तावेजों तथा SIR से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा होगी।
उपायुक्त ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से 15 अगस्त को आयोजित ग्राम सभा/सभा में भाग लेकर अपने नाम और विवरण की जांच करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। साथ ही अधिकारियों और बीएलओ को आयोजन की कार्यवाही का अभिलेखीकरण एवं फोटोग्राफी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
Leave a Reply