Uncategorized

छतरपुर नगर पंचायत में 1.10 करोड़ की लागत से 11 सड़क एवं नाली निर्माण योजनाओं का शिलान्यास

Khaberaajtak@gmail.com1 min read

वर्षों से जलजमाव और जर्जर सड़कों की समस्या से मिलेगी राहत, गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर रहेगा विशेष जोर : अरविंद कुमार गुप्ता

छतरपुर (पलामू): छतरपुर नगर पंचायत क्षेत्र में बुनियादी नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में कुल 1 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से 11 सड़क एवं नाली निर्माण योजनाओं का शिलान्यास किया गया। शिलान्यास कार्यक्रम नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता उर्फ चुनमुन, उपाध्यक्ष मंजीत कुमार यादव एवं संबंधित वार्ड पार्षदों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता उर्फ चुनमुन ने कहा कि छतरपुर नगर पंचायत क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क एवं नाली निर्माण की ये योजनाएं स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं। इनके पूर्ण होने से जर्जर सड़कों, जलजमाव एवं जल निकासी की समस्या से लोगों को काफी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि नगर पंचायत के प्रत्येक वार्ड में विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे और नागरिकों को बेहतर सड़क, नाली एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों। विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

अध्यक्ष ने संबंधित कनीय अभियंताओं एवं नगर पंचायत कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। निर्माण में निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता का पूरी तरह पालन हो तथा योजनाएं तय समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शिलान्यास कार्यक्रम में वार्ड पार्षद अब्दुल जलील अंसारी, प्रवेश उरांव, कौशल्या देवी, उमेश कुमार यादव, राज रानी सहित पार्षद प्रतिनिधि रवि राज, सुनील कुमार यादव, प्रवेश उरांव, प्रवेश प्रसाद, रामसेवक यादव, शिव कुमार एवं मुकेश कुमार उपस्थित थे।

इसके अलावा स्थानीय लोगों में नसरुल्लाह अंसारी, याद अली, मानकी चंद्रवंशी, सचिन कुमार एवं डॉ. मिथिलेश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। नगर पंचायत कार्यालय की ओर से नगर मिशन प्रबंधक जितेंद्र कुमार, डॉ. अभिषेक प्रसाद, कनीय अभियंता अभिषेक कुमार, सूरज कुमार पासवान, सिटी मैनेजर मुर्तजा अंसारी सहित अन्य कर्मियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

सभी निर्वचित प्रतिनिधियों ने कहा कि छतरपुर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित एवं विकसित नगर बनाने के संकल्प के साथ विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *