जगन्नाथपुर रथ यात्रा की तैयारियों का न्यास परिषद अध्यक्ष ने लिया जायजा

रांची: ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ यात्रा महोत्सव की तैयारियों का निरीक्षण झारखंड राज्य हिन्दू धार्मिक न्यास परिषद के अध्यक्ष जयशंकर पाठक ने किया। इस दौरान मंदिर समिति के अध्यक्ष एन.एन. पांडेय, प्रथम सेवक-सह-उपाध्यक्ष ठाकुर सुधांशु नाथ शाहदेव, सचिव प्रसन्न कुमार, सदस्य कमल ठाकुर और गोपाल उपाध्याय मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने रथ यात्रा महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया।

बैठक में 10 दिवसीय रथ मेले की विधि-व्यवस्था, स्वच्छता, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, खोया-पाया केंद्र, वॉच टावर, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी और ड्रोन निगरानी, पुलिस बल की तैनाती, चलंत शौचालय तथा अग्निशमन व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों की समीक्षा की गई। जयशंकर पाठक ने मंदिर परिसर के आसपास बढ़ते अतिक्रमण पर चिंता जताते हुए मंदिर की सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत को अक्षुण्ण बनाए रखने पर बल दिया तथा रथ यात्रा महोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *