
रांची: केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया, पद्म भूषण से सम्मानित प्रख्यात लिवर रोग विशेषज्ञ डॉ. एसके सरीन और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सोमवार को रांची स्थित जनजातीय संग्रहालय (पुराना जेल परिसर) में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की। तीनों अतिथियों ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके संघर्ष और बलिदान को नमन किया।
इस दौरान उन्होंने देश की स्वतंत्रता और जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद किया। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उनके ऐतिहासिक संघर्ष को भी स्मरण किया गया।
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन त्याग, साहस, स्वाभिमान और संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ लड़कर जनजातीय समाज में अधिकारों और स्वाधीनता की चेतना जगाई। उनके आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं।



