
रांची: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने जेपीएससी और जेएसएससी- सीजीएल परीक्षा मामलों की जांच कर रही सीआईडी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए राज्य सरकार से पूरे मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की मांग की है। सोशल मीडिया पर लगातार दो पोस्ट के जरिए मरांडी ने सीआईडी के एडीजी मनोज कौशिक की भूमिका पर भी आरोप लगाए।

मरांडी ने आरोप लगाया कि सीआईडी जांच की दिशा भटकाकर वास्तविक दोषियों को बचाने और महत्वपूर्ण साक्ष्यों को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सीजीएल मामले में छात्रों को दोषी ठहराने और वास्तविक आरोपियों को बचाने का प्रयास किया गया। जेपीएससी मामले में भी जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।

उन्होंने मनोज कौशिक के पूर्व कार्यकाल और उनके खिलाफ कथित जांचों का हवाला देते हुए कहा कि ऐसे अधिकारी के नेतृत्व में सीआईडी पर युवाओं का भरोसा नहीं रह गया है। मरांडी ने आरोप लगाया कि सरकार महत्वपूर्ण जांच एजेंसियों का राजनीतिक हित में इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार के हाथ साफ हैं तो जेपीएससी प्रकरण की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराने में उसे कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
Leave a Reply