राँची(खबर आजतक): झामुमो ने 130वें संविधान संशोधन विधेयक का कड़ा विरोध किया है। झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने इसे लोकतंत्र खत्म करने वाला कदम बताया और इसे “एंड ऑफ डेमोक्रेसी” नाम दिया।
सुप्रियो ने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए ईडी, सीबीआई और चुनाव आयोग जैसे संवैधानिक संस्थानों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार और अन्य राज्यों में चुनावी गड़बड़ियों के बाद अब भाजपा की योजना विपक्षी नेताओं को जेल में डालकर 30 दिनों तक कैद रखने और उनकी राजनीति समाप्त करने की है।
भाजपा पर गंभीर आरोप
सुप्रियो भट्टाचार्य ने दावा किया कि भाजपा की मौजूदा 240 लोकसभा सीटों में से करीब 100 सीटें “चोरी” की हुई हैं और असल में उसके पास 140 सीटें ही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा विपक्ष को डराने और खत्म करने के लिए लगातार नए तरीके अपना रही है।

भट्टाचार्य ने लोकसभा में दिए गए सरकार के जवाब का हवाला देते हुए कहा कि अब तक 1,729 विपक्षी नेताओं पर ईडी-सीबीआई की कार्रवाई हुई है, लेकिन केवल दो ही दोषी पाए गए हैं और दोनों झारखंड से हैं। उन्होंने इसे विपक्ष को खत्म करने की साजिश बताया।
भ्रष्टाचार पर तंज
झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता खुद भ्रष्टाचार और अनैतिक कार्यों में लिप्त हैं, लेकिन पार्टी में शामिल होते ही वे “शुद्ध” हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से लोकतंत्र खतरे में है और यह संशोधन बिल विपक्ष की राजनीति समाप्त करने की कवायद है।
आंदोलन की घोषणा
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि झारखंड से उठी यह विरोध की हवा भाजपा को डरा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार, बंगाल और उत्तर प्रदेश के बाद अब पूरे देश में भाजपा को चुनौती मिलेगी।उन्होंने घोषणा की कि इस बिल के विरोध में झामुमो पूरे राज्य में केंद्र सरकार का पुतला दहन करेगा।