
धनबाद। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रणधीर प्रसाद वर्मा स्टेडियम में मुख्य समारोह आयोजित हुआ। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद वंदे मातरम् के गायन के बीच उपायुक्त ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रगान हुआ।

अपने संबोधन में उपायुक्त ने पारदर्शी, त्वरित एवं नागरिक हितैषी प्रशासन के संकल्प के साथ जिले की विकास उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने बताया कि सड़क चौड़ीकरण, फ्लाईओवर, फुट-ओवरब्रिज और गया पुल अंडरपास चौड़ीकरण का कार्य जारी है। नमामि गंगे परियोजना के तहत 769.9 करोड़ रुपये की लागत से पांच एसटीपी स्वीकृत हुए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, आवास, स्वच्छता और ग्रामीण विकास में भी योजनाएं संचालित हैं।

जेएसएलपीएस के माध्यम से 1.48 लाख से अधिक परिवार स्वयं सहायता समूहों से जुड़े हैं तथा 6,464 महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं। झरिया पुनर्वास के तहत 215 परिवारों का स्थानांतरण किया गया है। समारोह में डीडीसी सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
Leave a Reply