
रंजन वर्मा /ख़बर आजतक
कसमार : कसमार प्रखंड से होकर गुजरने वाली निर्माणाधीन भारतमाला परियोजना की सड़कों पर इंटरचेंज की सुविधा देने की मांग को लेकर ग्रामीण मुखर हो गए हैं। रविवार को पोंडा पंचायत भवन में जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों की बैठक हुई। इसमें जैनामोड़-ओरमांझी फोरलेन के बनगजरा तथा वाराणसी-कोलकाता सिक्सलेन के बगियारी मोड़ पर इंटरचेंज निर्माण की मांग उठी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द ही प्रतिनिधिमंडल धनबाद स्थित एनएचएआई कार्यालय जाकर अधिकारियों से मुलाकात करेगा और मांगपत्र सौंपेगा। वक्ताओं ने कहा कि इंटरचेंज नहीं होने से दर्जनों गांवों के लोगों को मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। इससे सड़क परियोजना का स्थानीय लोगों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल सकेगा।
प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी ने बनगजरा इंटरचेंज को बोकारो, बेरमो और रांची आवागमन के लिए महत्वपूर्ण बताया। वहीं अमरेश कुमार महतो ने कहा कि मांग पर पहल नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। हारू रजवार, यदुनंदन जायसवाल, परमेश्वर नायक, दिवाकर महतो और दिलीप कुमार हेंब्रम समेत अन्य नेताओं ने भी मांग का समर्थन किया। ग्रामीणों ने कहा कि इंटरचेंज बनने से क्षेत्र में व्यापार, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को बढ़ावा मिलेगा।
Leave a Reply