नितीश मिश्रा
रांची (ख़बर आजतक) : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड की कानून-व्यवस्था को लेकर हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पाकुड़ जिले के महेशपुर में दर्ज नगर कांड संख्या 275/25 (27 अक्टूबर 2025) में बेलाल शेख नामक व्यक्ति के खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धारा 109 (हत्या के प्रयास) जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं। इसके बावजूद आरोपी को अब तक पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

मरांडी ने आरोप लगाया कि हैरानी की बात यह है कि जिस अपराधी को पकड़ने में पुलिस नाकाम रही, वही व्यक्ति स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में कांग्रेस नेता तनवीर आलम के साथ इफ्तार पार्टी में शामिल होता दिखा।
उन्होंने कहा कि यह स्थिति कानून-व्यवस्था के साथ-साथ प्रशासन की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े करती है। मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछा कि क्या झारखंड में अब अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है और कानून का डर खत्म हो गया है।
