
तेनुघाट: अनुमंडल कार्यालय तेनुघाट में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में 35 बेरमो विधानसभा क्षेत्र के लिए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 को लेकर विस्तृत चर्चा कर कार्यक्रम घोषित किया गया।
कार्यक्रम के अनुसार 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। दावा एवं आपत्ति 5 अगस्त से 4 सितंबर तक स्वीकार किए जाएंगे, जबकि इनके निपटारे की अवधि 3 अक्टूबर तक निर्धारित की गई है। 8, 9, 22 और 23 अगस्त को विशेष कैंप तथा 15 अगस्त को ग्राम सभा आयोजित होगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर को किया जाएगा।
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए फोटो, आयु एवं निवास प्रमाण अनिवार्य है। नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और संशोधन के लिए फॉर्म-8 का उपयोग होगा। अधिकारियों ने सभी मतदाताओं से समय पर आवेदन करने की अपील की।
Leave a Reply