झारखण्ड बोकारो शिक्षा

बोकारो में कुल 10439 अभ्यर्थियों ने दी सीटेट की परीक्षा, दूसरे दिन 736 रहे अनुपस्थित

सुचारू व सफल आयोजन को ले सिटी कोऑर्डिनेटर ने प्रशासन सहित सभी सहयोगियों के प्रति जताया आभार

बोकारो (ख़बर आजतक) : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से विद्यालयों में शिक्षण पेशे के लिए योग्य एवं कुशल उम्मीदवारों के चयन को लेकर आयोजित केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट)- फरवरी 2026 बोकारो में रविवार को पूर्णतया शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। 7 एवं 8 फरवरी को आयोजित दो दिनों की इस परीक्षा में कुल पंजीकृत 11522 में से 10439 अभ्यर्थी उपस्थित तथा 1083 अनुपस्थित रहे।

रविवार को दूसरे दिन दोनों ही पालियों को मिलाकर कुल पंजीकृत 7803 में 7067 अभ्यर्थी उपस्थित तथा 736 अनुपस्थित रहे। इसके पूर्व, शनिवार को परीक्षा के पहले दिन शिफ्ट- 1 के एग्जाम में कुल निबंधित 3719 में 3372 परीक्षार्थी शामिल थे और 347 अनुपस्थित रहे। सीटेट के सिटी कोऑर्डिनेटर एवं दिल्ली पब्लिक स्कूल बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार के अनुसार, रविवार को प्रथम पाली में कुल आवंटित 5040 में 4594 कैंडिडेट परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 446 अनुपस्थित रहे। वहीं, दूसरी पाली के लिए कुल पंजीकृत 2763 अभ्यर्थियों में से 2473 उपस्थित तथा 290 अनुपस्थित रहे।

दूसरे दिन की परीक्षा को लेकर केन्द्रवार जानकारी साझा करते हुए डॉ. गंगवार ने बताया कि डीपीएस बोकारो सेक्टर- 4 स्थित परीक्षा केंद्र में प्रथम पाली में 432, द्वितीय में 425, चिन्मय विद्यालय सेक्टर 5 में प्रथम पाली में 492, द्वितीय में 486, डीएवी पब्लिक स्कूल, सेक्टर 4 में प्रथम पाली में 483 एवं द्वितीय में 480, गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल सेक्टर 5 स्थित सेंटर पर पहली पाली में 494 और दूसरी में 476, एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर 4 में पहली पाली में 489 व द्वितीय पाली में 491, क्रिसेंट पब्लिक स्कूल सेक्टर 6 में पहली पाली में 446 तथा दूसरी पाली में 115 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इसके अलावा, रविवार को पहली पाली में डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर 6 में 440, गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल चास में 438, होली क्रॉस स्कूल रेलवे कॉलोनी में 433 तथा श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल सेक्टर 5 में 447 कैंडिडेट परीक्षा में शामिल रहे। इन परीक्षा केंद्रों पर सेकेंड शिफ्ट की परीक्षा नहीं हुई।

दोनों दिन की परीक्षाओं के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. गंगवार ने इसके लिए जिला प्रशासन के भरपूर सहयोग के साथ-साथ सभी केंद्राधीक्षकों, पर्यवेक्षकों तथा वीक्षकों सहित समस्त सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि सभी के परस्पर समन्वयन एवं सहयोग से ही परीक्षा पुनः पूरी सफलता के साथ संपन्न हुई। विदित हो कि सीटीईटी सीबीएसई की ओर से ली जानेवाली एक राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है, जिसमें सभी अभ्यर्थी विद्यालयों में शिक्षक के पद पर बहाली हेतु सुयोग्य माने जाते हैं। सीटेट (सेंट्रल टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट) में दो पेपर की परीक्षा आयोजित की जाती है। पहला पेपर उन अभ्यर्थियों के लिए होता है, जो पहली से 5वीं तक पढ़ाने के लिए आवेदन करते हैं। वहीं, दूसरा पेपर उनके लिए होता है, जो कक्षा 6 से 8वीं तक पढ़ाने के लिए अपना आवेदन करते हैं।

Related posts

बंद घर मे अचानक आग लगने से मची अफरातफरी, ग्रामीणों की मदद से आग पर पाया काबू

admin

राँची में जेंडर और जलवायु परिवर्तन पर प्रशिक्षण मॉड्यूल्स का शुभारंभ

admin

सिद्धो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय का 8वां दीक्षांत समारोह में राज्यपाल ने कुल 139 विद्यार्थियों को दिए मेडल और उपाधि

admin

Leave a Comment