
डिजिटल डेस्क
बोकारो (ख़बर आजतक) : कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गोमिया प्रखंड के ललपनिया स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल लुगू बुरु घांटाबाड़ी में आयोजित तीन दिवसीय धोरोम गाढ़ राजकीय महोत्सव-2025 का समापन बुधवार को हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन तथा उनकी पत्नी कल्पना सोरेन शामिल हुईं।
मुख्यमंत्री दंपति ने पुनाय थान में पारंपरिक विधि-विधान से लुगू बुरु बाबा की पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों के सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं शांति की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

लुगू बुरू संताल समुदाय का सबसे बड़ा धार्मिक स्थल माना जाता है, जिसे संतालों का कुंभ भी कहा जाता है। मंगलवार सुबह से ही यहाँ आस्था और भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बाबा के दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, अब तक दो लाख से अधिक श्रद्धालु पहाड़ की चढ़ाई कर लुगूबाबा के दर्शन कर चुके हैं।
पुनाय थान परिसर में सुबह से श्रद्धालु पारंपरिक गीतों और नृत्यों के माध्यम से अपनी भक्ति व्यक्त करते रहे।
महोत्सव के दौरान टेंट सिटी परिसर में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति में विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें उनके जीवन, संघर्ष और झारखंड आंदोलन के ऐतिहासिक क्षणों को दर्शाया गया है। युवा वर्ग इस प्रदर्शनी से प्रेरणा ले रहा है।
इसके अलावा दिशोम गुरु की स्मृति में निःशुल्क खिचड़ी सेवा भी जारी रही, जिसका संचालन बोकारो जिला प्रशासन एवं सोना सोबरन मेमोरियल सोसाइटी द्वारा किया जा रहा है। श्रद्धालु लुगूबाबा के दर्शन के बाद प्रसादस्वरूप खिचड़ी ग्रहण कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
