अपराध झारखण्ड बेरमो बोकारो

हेमलाल पंडित हत्याकांड का बोकारो पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा, महिला समेत 3 गिरफ्तार

नितेश वर्मा, बोकारो

बोकारो (ख़बर आजतक) : बोकारो जिले के नावाडीह थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना में पिता के सामने बेटे हेमलाल पंडित की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा बोकारो पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में चंपा देवी, उसका मित्र प्रकाश सिंह और दो शूटर डोमन राम एवं विकास कुमार शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को धनबाद से गिरफ्तार किया गया।
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि मृतक हेमलाल पंडित और मुख्य आरोपी चंपा देवी हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के सिरौय गांव के रहने वाले हैं।

दुर्गा पूजा की नवमी के दिन चंपा देवी के पति की हत्या हुई थी, जिसका शक उसने हेमलाल पर किया। इसी संदेह में चंपा ने धनबाद निवासी अपने मित्र प्रकाश सिंह के माध्यम से 3 लाख रुपये की सुपारी देकर हेमलाल की हत्या करवाई। 14 मई की रात को हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने नावाडीह थाना परिसर में तोड़फोड़ भी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो एसपी ने बेरमो एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को धर दबोचा।
पुलिस की इस तेज कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है, वहीं प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है।

Related posts

आसनसोल रेल मंडल के राजभाषा विभाग के तत्वावधान में ‘हिंदी कुंजीयन प्रशिक्षण कार्यशाला’ संपन्न

admin

विजयादशमी उत्सव में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रण

admin

भीषण ठंड के कारण रांची जिले के स्कूलों में 5 व 6 जनवरी को बंद रखने का आदेश

admin

Leave a Comment