22वीं झारखंड सशस्त्र पुलिस खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

रांची: हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम, होटवार में 22वीं झारखंड सशस्त्र पुलिस खेल प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन हुआ। समारोह की शुरुआत जैप के डीआईजी कार्तिक एस. को सलामी और विभिन्न वाहिनियों के जवानों के आकर्षक मार्च पास्ट से हुई। इसके बाद जैप-2 की समादेष्टा डॉ. सरोजनी लकड़ा ने अतिथियों, अधिकारियों और खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए खेलों में अनुशासन और टीम भावना के महत्व पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि डीआईजी कार्तिक एस. ने प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन करते हुए खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता में 28 खेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 1600 से अधिक खिलाड़ी तथा 165 से अधिक तकनीकी अधिकारी एवं निर्णायक भाग ले रहे हैं। समापन पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक धीरेंद्र नारायण बंका ने धन्यवाद ज्ञापन किया। समारोह में विभिन्न बटालियनों के समादेष्टा, 21 पुलिस उपाधीक्षक और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *