मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को सपरिवार शामिल होने का निमंत्रण, 300 से अधिक स्टॉल लगेंगे

रांची: मोरहाबादी मैदान में 29 अक्टूबर से पांच दिवसीय जेसोवा दिवाली मेला आयोजित होगा। झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन से मुलाकात कर उन्हें सपरिवार मेले में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
मेले में कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यहां देशभर के उद्यमियों, हस्तशिल्पियों और ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार स्वदेशी उत्पादों की बिक्री के लिए 300 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें पारंपरिक परिधान, फैशन सामग्री और सजावटी वस्तुएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को जेसोवा की ओर से राज्य में संचालित सामाजिक कल्याण से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी भी दी।
प्रतिनिधिमंडल में जेसोवा अध्यक्ष प्रीति कुमारी, उपाध्यक्ष अनीता सिंह, सचिव मनु झा, संयुक्त सचिव श्वेता शुक्ला, कोषाध्यक्ष शिवानी सिंह तथा कार्यकारिणी सदस्य रंजना कुमार और दिव्या श्री शामिल थीं।



