42वें स्थापना दिवस पर मारवाड़ी युवा मंच झरिया शाखा लगाएगा विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर

झरिया:: सामाजिक सेवा एवं मानव कल्याण के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय मारवाड़ी युवा मंच झरिया शाखा अपने 42वें स्थापना दिवस के अवसर पर 28 जून 2026 को एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन करने जा रही है। यह शिविर प्रातः 9:00 बजे से डीलक्स हॉल, श्री अग्रवाल धर्मशाला, झरिया में आयोजित होगा।

शाखा के पदाधिकारियों ने बताया कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है। इसी सोच के साथ मंच द्वारा समाज के लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक करने एवं अधिक से अधिक रक्त संग्रह करने का लक्ष्य रखा गया है।

शाखा अध्यक्ष किरण शर्मा ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और हर स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए। सचिव सन्नी अग्रवाल ने सभी युवाओं एवं नागरिकों से शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त कई जिंदगियों को बचाने में मददगार साबित हो सकता है।

कोषाध्यक्ष नेहा मित्तल ने बताया कि शिविर में रक्तदाताओं की सुविधा एवं स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए समुचित व्यवस्था की जाएगी। वहीं शिविर संयोजक दिनेश शर्मा ने कहा कि स्थापना दिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए यह आयोजन समाज के प्रति मंच की जिम्मेदारी और समर्पण को दर्शाता है।

मारवाड़ी युवा मंच झरिया शाखा वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन करती रही है। स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित यह रक्तदान शिविर भी उसी सेवा भावना का प्रतीक है।

मंच ने सभी सामाजिक संगठनों, युवाओं, व्यवसायियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर रक्तदान करें और किसी जरूरतमंद के जीवन में नई आशा का संचार करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *