

बोकारो : चिन्मय मिशन के स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित चिन्मय अमृत महोत्सव के तहत निकाली जा रही चिन्मय अमृत यात्रा का 3 और 4 जुलाई को बोकारो में भव्य स्वागत किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर चिन्मय विद्यालय बोकारो और चिन्मय मिशन परिवार ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

यह यात्रा 295 दिनों में लगभग 35 हजार किलोमीटर की दूरी तय करते हुए विभिन्न शहरों में गुरुदेव के विचारों का संदेश पहुंचा रही है। 3 जुलाई को बोकारो में शोभायात्रा के साथ इसका भव्य स्वागत किया जाएगा, जिसमें हजारों भक्तों के शामिल होने की संभावना है।

शोभायात्रा की शुरुआत होली क्रॉस स्कूल के समीप से होगी, जो नया मोड़, बोकारो मॉल होते हुए पीएनटी मोड़ तक पहुंचेगी। इसके बाद छाऊ नृत्य की प्रस्तुति के साथ श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए गुरुदेव स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती की पादुका को चिन्मय विद्यालय परिसर तक लाएंगे।
स्वामिनी संयुक्तानंदा सरस्वती ने इसे गुरुदेव के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का स्वर्ण अवसर बताया। वहीं विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री बिस्वरूप मुखोपाध्याय ने कहा कि यह यात्रा गुरुदेव के ज्ञान की गंगा का प्रतीक है। सचिव श्री महेश त्रिपाठी ने इसे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण के लिए प्रेरणादायी बताया।
प्राचार्य श्री सूरज शर्मा ने बताया कि विद्यालय परिसर में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें रामायण का नाट्य रूपांतरण, हनुमान चालीसा पर नृत्य और पादुका पूजन शामिल है। कार्यक्रम के समापन पर समष्टि भिक्षा का आयोजन किया जाएगा।
Leave a Reply