
बोकारो : बोकारो स्टील सिटी के कैंप-टू स्थित शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) परिसर मंगलवार को ऐतिहासिक पल का साक्षी बनेगा। पद्मभूषण गुरुजी स्व. शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर उनकी स्मृति में विकसित गुरुजी आरोग्य वन का शुभारंभ किया जाएगा।

इसी अवसर पर परिसर में स्थापित गुरुजी की आदमकद प्रतिमा का भी अनावरण होगा। कार्यक्रम के बाद आरोग्य वन को आमजनों के लिए समर्पित कर दिया जाएगा, जहां लोग हरित वातावरण के बीच स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों का लाभ उठा सकेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार शाम उपायुक्त अजय नाथ झा ने स्थल का निरीक्षण किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल, पार्किंग तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने आयोजन को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर देते हुए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
Leave a Reply