
रांची: वाईबीएन यूनिवर्सिटी की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज की ओर से गुरुवार को संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संवैधानिक मूल्यों की रक्षा की शपथ ली गई। इसके बाद विश्वविद्यालय की टीम ने गोद लिए गए गांव लाली में जागरूकता अभियान चलाया।
कार्यक्रम में कुलपति प्रो. (डॉ.) एस. पोद्दार और कुलसचिव डॉ. दीप्ति भार्गव सहित शिक्षकों ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया। गांव लाली में मुख्य प्रबंध निदेशक डॉ. अंकिता यादव और मुखिया जीरेन टोपनो की उपस्थिति में विद्यार्थियों के बीच पेन और नोटबुक वितरित किए गए।
एनएसएस की ओर से जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी गई। वहीं, स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज की टीम ने विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों, संवैधानिक प्रावधानों और कानूनी संरक्षण के बारे में बताया। कार्यक्रम में डॉ. कौशल किशोर, निकिता, रंजन आदि उपस्थित थे।



