
रांची: झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने गुरुवार को बुकरु स्थित अपने आवास पर अंतरराष्ट्रीय वुशु खिलाड़ी अंजना कुमारी को सम्मानित किया। इस अवसर पर झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन की वरीय उपाध्यक्ष नेहा मेहता भी मौजूद रहीं। अंजना ने 30 जुलाई से 4 अगस्त तक जॉर्जिया के बतुमी में आयोजित बतुमी ओपन इंटरनेशनल वुशु चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए विंग चुन और डबल डैगर स्पर्धा में दो कांस्य पदक जीतकर झारखंड का नाम रोशन किया।

सम्मान समारोह में अंजना ने अपनी सफलता का श्रेय सुदेश महतो के सहयोग और अंतरराष्ट्रीय कोच एस. वाहिद अली के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी भारत के लिए अधिक से अधिक पदक जीतना उनका लक्ष्य है। सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड की बेटियां विश्व स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और अंजना आने वाले समय में भी राज्य व देश का गौरव बढ़ाएंगी। समारोह में शिवेंद्र नाथ दुबे, एस. वाहिद अली, प्रकाश कुमार, परवाज़ खान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
Leave a Reply