
गिरिडीह : संयुक्त किसान मोर्चा एवं केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के देशव्यापी आह्वान पर सोमवार को गिरिडीह के झंडा मैदान में ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक समर्थकों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार की किसान-मजदूर विरोधी नीतियों को वापस लेने की मांग की गई।

पार्टी नेता एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य राजेश यादव ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों से किसान, मजदूर और अन्य मेहनतकश वर्गों का जीवन मुश्किल हो गया है। महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है, किसान खेती की समस्याओं से परेशान हैं, जबकि मजदूरों की सामाजिक सुरक्षा पर संकट बना हुआ है। उन्होंने कहा कि छात्र-युवा पेपर लीक और रोजगार के अभाव से जूझ रहे हैं।

राजेश यादव ने सरकार से चारों लेबर कोड वापस लेने, सार्वजनिक उपक्रमों एवं संपत्तियों के निजीकरण पर रोक लगाने, भूमिहीनों को जमीन तथा वनाश्रित आदिवासियों और गरीबों को वन भूमि का पट्टा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि सभी रिक्त पदों पर नियुक्ति कर बेरोजगारी कम करने की दिशा में सरकार को कदम उठाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर गिरिडीह जिले में अभियान चलाया जाएगा और लोगों से आंदोलन से जुड़ने की अपील की। प्रदर्शन में मनोज यादव, मेहताब अली मिर्जा, शंभू तुरी, शफीक अंसारी, राजेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Leave a Reply