
बोकारो : डीएवी पब्लिक स्कूल, सेक्टर-4 में कक्षा VI से IX तक के विद्यार्थियों के लिए वैदिक जागृति शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में चरित्र निर्माण, अनुशासन, नैतिक मूल्यों, शारीरिक सुदृढ़ता एवं आत्मरक्षा की भावना विकसित करना है। विद्यार्थियों ने शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय के प्राचार्य एस. के. मिश्रा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है। वैदिक मूल्यों पर आधारित प्रशिक्षण से बच्चों में आत्मविश्वास, संयम, साहस, कर्तव्यबोध और संस्कार विकसित होते हैं।
प्रशिक्षक चेतन परमार एवं साहिल आर्य विद्यार्थियों को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों के साथ व्यायाम, शारीरिक सौष्ठव और अनुशासन का प्रशिक्षण देंगे। वहीं दर्शनाचार्य आचार्य वरुण विद्यार्थियों को सत्य, संयम, सदाचार, कर्तव्यनिष्ठा एवं वैदिक जीवन-मूल्यों की जानकारी देंगे।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार सुदृढ़ शरीर, संस्कारित मन और दृढ़ चरित्र ही आदर्श नागरिक निर्माण की आधारशिला हैं। शिविर इसी उद्देश्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
Leave a Reply