
रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी के मामलों को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा माफियाओं को बचाने के लिए भाजपा सीबीआई जांच की मांग को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है।

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने दावा किया कि 2015 से अब तक देश में 152 पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि कम से कम 17 मामलों की जांच सीबीआई को सौंपी गई, लेकिन 2015 के बाद सीबीआई जांच वाले मामलों में दोषसिद्धि नहीं हुई। उन्होंने NEET-UG 2024, UGC-NET 2024, SSC CGL 2017 और JEE Main 2021 समेत कई परीक्षाओं में गड़बड़ी की जांच का उल्लेख किया।

दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि झारखंड में परीक्षा गड़बड़ी के खिलाफ कार्रवाई के बाद छात्रों का आंदोलन शुरू हुआ, लेकिन भाजपा इसे राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि मामले में अब तक करीब 20 गिरफ्तारियां हुई हैं।

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि सरकार छात्रों के साथ संवाद के जरिए समाधान निकालने के पक्ष में है। पत्रकार वार्ता में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
Leave a Reply