
रांची: मुख्यमंत्री आवास के आसपास भारी बैरिकेडिंग को लेकर भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता शोभा यादव ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है, लेकिन इसके नाम पर आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, अभिभावकों, कर्मचारियों और राहगीरों के आवागमन में बाधा डालना उचित नहीं है। बैरिकेडिंग के कारण लोगों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने और अतिरिक्त समय खर्च करने को मजबूर होना पड़ रहा है।

शोभा यादव ने कहा कि छात्र अपने भविष्य और रोजगार से जुड़े सवालों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। लोकतंत्र में उनकी बात सुनना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि छात्रों से इतना डरने की जरूरत क्यों है। यदि उनकी मांगों में तथ्य नहीं हैं तो सरकार को संवाद कर जवाब देना चाहिए।

उन्होंने अनावश्यक बैरिकेडिंग की समीक्षा कर आम लोगों का आवागमन सुचारु करने तथा छात्र प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान निकालने की मांग की। कहा कि सरकार को डर और अवरोध की राजनीति छोड़कर संवाद, पारदर्शिता और जवाबदेही का रास्ता अपनाना चाहिए।
Leave a Reply