
रंजन वर्मा /ख़बर आजतक
कसमार : झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के कसमार प्रखंड उपाध्यक्ष अनुज कुमार ने राज्य की मौजूदा राजनीतिक और प्रशासनिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए झारखंड में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन की व्यवस्था कमजोर होने से आम जनता से जुड़े कई गंभीर मुद्दों का समय पर समाधान नहीं हो रहा है।
अनुज कुमार ने कहा कि जनता ने रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और भ्रष्टाचार से मुक्ति की उम्मीद के साथ सरकार को जिम्मेदारी सौंपी थी, लेकिन जमीनी स्तर पर अपेक्षित बदलाव नहीं दिख रहा है। उन्होंने युवाओं की रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध झारखंड के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक है। अनुज कुमार ने केंद्र सरकार और राज्यपाल से राज्य की स्थिति का संवैधानिक दायरे में मूल्यांकन करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि सरकार संवैधानिक व्यवस्था के अनुरूप शासन चलाने में विफल रहती है तो राष्ट्रपति शासन पर विचार किया जाना चाहिए। साथ ही जेएलकेएम ने जनहित के मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखने की बात कही।
Leave a Reply