
रिपोर्ट : रंजन वर्मा
हजारीबाग (ख़बर आजतक) : झारखंड प्रजापति (कुम्हार) महासंघ के तत्वावधान में 18 जनवरी 2026 को हजारीबाग में कुम्हार अधिकार महारैली का भव्य आयोजन किया गया। इस महारैली में राज्य के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में कुम्हार समाज के लोग शामिल हुए और राजनीतिक, सामाजिक व आर्थिक अधिकारों को लेकर एकजुटता दिखाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष नरेंद्र प्रजापति (पप्पू) ने की, जबकि संचालन सुखदेव प्रजापति व वीरेंद्र प्रजापति ने किया।

मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष देवनारायण प्रजापति ने कहा कि झारखंड में कुम्हार समाज की आबादी लगभग 32 लाख है, इसके बावजूद समाज को आज तक राजनीतिक व प्रशासनिक स्तर पर उपेक्षित रखा गया है। उन्होंने माटी कला बोर्ड के पुनर्गठन और आबादी के अनुपात में राजनीतिक भागीदारी की मांग की।
पूर्व विधायक योगेश्वर महतो उर्फ बाटुल ने कहा कि कुम्हार समाज कई विधानसभा क्षेत्रों में निर्णायक भूमिका में है, फिर भी उसे प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा। प्रदेश महासचिव ईश्वर चंद्र प्रजापति ने 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग रखी।
महारैली में शिक्षा, संगठन और युवाओं की भूमिका पर जोर दिया गया तथा सफल अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया। महारैली ने स्पष्ट संदेश दिया कि कुम्हार समाज अब अपने अधिकारों को लेकर संगठित संघर्ष के लिए तैयार है।
