नितीश मिश्रा
राँची (ख़बर आजतक) : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बुधवार को निर्वाचन सदन से सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी, ईआरओ, एईआरओ और उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने मतदान केंद्रों के युक्तिकरण के दौरान यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि एक ही घर में रहने वाले मतदाताओं का मतदान केंद्र एक ही स्थान पर निर्धारित हो।

उन्होंने बताया कि आगामी मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के तहत सभी मतदान केंद्रों के बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर अंकित स्टीकर मतदाताओं के घरों पर लगाया जाएगा, ताकि मतदाता आसानी से बीएलओ से संपर्क कर सकें। स्टीकर पर मकान संख्या अंकित करना अनिवार्य होगा, जबकि जिन मकानों का नंबर नहीं है उन्हें नोशनल नंबर देकर चिन्हित किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को बीएलओ प्रशिक्षण समय पर पूरा करने और बीएलओ ऐप के माध्यम से मतदाताओं के फोटो लेने का प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया। बैठक में निर्वाचन विभाग के अधिकारी और सभी जिलों के पदाधिकारी ऑनलाइन जुड़े।
