
रांची: जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली और छात्रों पर दर्ज मुकदमों को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को प्रोजेक्ट भवन में मुख्य सचिव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

आदित्य साहू ने कहा कि 48 घंटे में छात्रों को न्याय नहीं मिला तो भाजपा उनके साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की गई और विभिन्न थानों में 1,000 से अधिक एफआईआर दर्ज की गईं। उन्होंने छात्रों पर कथित हमला करने वाले सत्ताधारी दल के कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।
भाजपा ने छात्रों पर दर्ज मुकदमे तत्काल वापस लेने, रद्द एवं स्थगित परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने तथा कथित धांधली में दोषी आयोग के सदस्यों और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. प्रदीप वर्मा, दीपक प्रकाश, नवीन जायसवाल, अमर कुमार बाउरी, भानू प्रताप शाही, समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
Leave a Reply