डीपीएस बोकारो की छात्राओं ने बास्केटबॉल में लहराया परचम, ज़ोन-4 इंटर डीपीएस टूर्नामेंट में बनीं चैंपियन

स्वर्णिम विजय के साथ नेशनल के लिए किया क्वालिफाई, प्राचार्य ने दीं शुभकामनाएं

फाइनल मुकाबले में मेजबान डीपीएस गया को 39-24 से रौंदा, 7 राज्यों की टीमें हुई थीं शामिल

बोकारो (ख़बर आजतक) : दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो की छात्राओं ने बास्केटबॉल में अपनी गजब की स्फूर्ति, आक्रामक रणनीति और शानदार तालमेल का परिचय देते हुए शानदार विजय पताका लहराया है। गया (बिहार) में आयोजित बालिका वर्ग की ज़ोन-4 इंटर डीपीएस बास्केटबॉल टूर्नामेंट (ओपन) में डीपीएस बोकारो की टीम ने स्वर्णिम सफलता हासिल करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस दमदार जीत के साथ ही यहां की टीम ने अब आगामी 13-14 दिसम्बर, 2026 को डीपीएस मेगासिटी, कोलकाता (पश्चिम बंगाल) में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की इंटर डीपीएस टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई कर लिया है।

डीपीएस सोसाइटी के तत्वावधान में डीपीएस गया में 2 से 4 अक्टूबर तक आयोजित जोन- 4 स्तर की उक्त तीनदिवसीय प्रतियोगिता में पूर्वोत्तर और मध्य भारत के सात राज्यों- झारखंड, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मणिपुर, पश्चिम बंगाल और असम की टीमों के कुल 84 खिलाड़ियों ने अपनी ताकत झोंकी थी। प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में डीपीएस बोकारो की बालिकाओं ने शुरुआत से ही अपनी आक्रामक और संतुलित रणनीति से मेजबान डीपीएस गया पर दबाव बनाए रखा। हरेक स्कोर के लिए चले इस रोमांचक मुकाबले में बोकारो की बेटियों ने 39-24 अंकों के अंतर से डीपीएस गया को उसी के घरेलू कोर्ट पर करारी शिकस्त देकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि सशस्त्र सीमा बल की 29वीं वाहिनी के कमांडेंट कुणाल ने डीपीएस बोकारो टीम को विजेता ट्रॉफी, स्वर्ण पदक और प्रमाण-पत्र देकर पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में डीपीएस गया दूसरे, तो डीपीएस रांची की टीम तीसरे स्थान पर रही।

विजय पताका लहराने वाली डीपीएस बोकारो की टीम में छात्रा त्रिनयोना, किया कोरल सिंह, अन्वेषा शर्मा, तान्या सिंह, सौम्या प्रकाश, सौम्या जैन, आनिका आनंद, परिना पांडा, सानवी शेखर और शगुन शामिल थीं। बोकारो लौटीं इन खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत करते हुए मंगलवार को विद्यालय परिसर में सम्मानित किया गया। प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूरी टीम और उनके प्रशिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह शानदार विजय विद्यालय के शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन में छात्राओं के कठिन परिश्रम, अटूट लगन और खेल के प्रति सच्चे समर्पण का सुखद परिणाम है। हमारी छात्राओं ने अपनी प्रतिभा से न केवल बोकारो, बल्कि पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी इसी प्रकार बेहतरीन प्रदर्शन की आशा व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *