
बोकारो: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने कहा कि सरकार जनता के प्रति जवाबदेह है और जनादेश का हिसाब उसे जनता को देना होगा। बारी को-ऑपरेटिव सामुदायिक भवन में आयोजित मिलन समारोह में उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का मूल्यांकन दावों और प्रचार से नहीं, बल्कि जमीन पर मिल रही सुविधाओं से होना चाहिए।

उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि गांवों के स्कूलों में पढ़ाई की स्थिति, स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर, दवा, जांच और अस्पतालों में इलाज की उपलब्धता की वास्तविकता सामने आनी चाहिए। स्वास्थ्य कार्ड और योजनाओं का प्रचार तभी सार्थक है, जब गरीब को समय पर इलाज मिले। उन्होंने कहा कि सत्ता का अर्थ अधिकार नहीं, जिम्मेदारी है और सरकार से सवाल पूछना लोकतंत्र का अनिवार्य हिस्सा है।
समारोह में पूर्व विधायक लंबोदर महतो सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सैकड़ों युवाओं और महिलाओं ने आजसू की सदस्यता ग्रहण की। नए सदस्यों का स्वागत किया गया।
