
रांची: सरला बिरला पब्लिक स्कूल में कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए कैरेक्टर डिजाइन कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का संचालन नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन के पूर्व छात्र एवं फिल्म-वीडियो कम्युनिकेशन डिजाइन विशेषज्ञ गुरूशरण भामरा ने किया। उन्होंने डिजाइन थिंकिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को कैरेक्टर निर्माण, दृश्य कथाकथन और रचनात्मक डिजाइन की बारीकियों से अवगत कराया।

विद्यार्थियों ने व्यक्तित्व, रूप-रंग, भाव-भंगिमा, भावनाओं, बॉडी लैंग्वेज और दृश्य पहचान के आधार पर अपनी पसंद के कैरेक्टर तैयार किए। इसके बाद उन्होंने इन कैरेक्टरों के इर्द-गिर्द कहानियां और कथानक विकसित कर प्रस्तुत किए। कार्यशाला में विद्यार्थियों को बताया गया कि प्रभावी कैरेक्टर केवल चित्र नहीं, बल्कि भावनाओं और विचारों को व्यक्त करने का माध्यम होता है।
सत्र में एनिमेशन, मोशन डिजाइन, ग्राफिक डिजाइन, फिल्म-वीडियो कम्युनिकेशन और विजुअल कम्युनिकेशन जैसे क्षेत्रों में करियर संभावनाओं की जानकारी भी दी गई। प्रधानाचार्या ने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करती हैं।
