
रांची: झारखंड की नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं समाजसेवी डॉ. भारती कश्यप को महिला स्वास्थ्य और नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘स्पेशल लीडरशिप अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। विमेन ऑप्थैल्मोलॉजिस्ट्स सोसाइटी ऑफ इंडिया (डब्ल्यूओएस) के उद्घाटन समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
आईएमए झारखंड वीमेंस डॉक्टर्स विंग की अध्यक्ष डॉ. कश्यप के नेतृत्व में अप्रैल 2021 से मई 2026 के बीच राज्य में छह लाख से अधिक महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग की गई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के साथ साझेदारी में संचालित अभियान के तहत ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों की महिलाओं तक जांच एवं परामर्श की सुविधा पहुंचाई गई।
बाल नेत्र सुरक्षा के क्षेत्र में भी उनके प्रयास उल्लेखनीय रहे हैं। झारखंड के सरकारी स्कूलों में 25 लाख से अधिक बच्चों की आंखों की जांच की गई। जरूरतमंद बच्चों को निशुल्क चश्मे उपलब्ध कराने के साथ मोतियाबिंद से पीड़ित बच्चों की सर्जरी भी कराई गई।
वर्ष 2017 में नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित डॉ. कश्यप का यह सम्मान चिकित्सा सेवा और जनस्वास्थ्य के प्रति उनके योगदान को राष्ट्रीय पहचान देता है।
इधर, रांची के विट्रियो-रेटिना सर्जन डॉ. विभूति कश्यप को युवा महिला नेत्र रोग विशेषज्ञों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण देने के लिए डब्ल्यूओएस ने ‘बेस्ट टीचर’ अवॉर्ड से सम्मानित किया।



