खरगे की टिप्पणी पर गृह मंत्री का पलटवार, कांग्रेस पर लगाया गाली-गलौज की राजनीति का आरोप

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की पटना में की गई टिप्पणी को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन कर रही है और नीतिगत मुद्दों के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणियों को प्राथमिकता दे रही है।
अमित शाह ने कहा कि खरगे ने प्रधानमंत्री के पिता को लेकर अभद्र टिप्पणी कर राजनीतिक शिष्टाचार की सीमाएं लांघी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पहले भी प्रधानमंत्री मोदी और उनके परिवार को निशाना बनाती रही है। शाह ने कहा कि कभी उनकी माता को लेकर आपत्तिजनक बातें कही गईं, तो कभी ‘मौत का सौदागर’ और ‘चायवाला’ जैसे शब्दों के जरिए उन्हें निशाना बनाया गया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में लगातार चुनावी हार से कांग्रेस हताश है। उनके अनुसार, पार्टी के पास अब न स्पष्ट नीति है और न ठोस मुद्दे। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ ऐसी टिप्पणियों का जनता चुनावों में जवाब देती रही है।



