
बोकारो: विस्थापित अप्रेंटिस संघ से जुड़े मामले में जिला प्रशासन ने समीक्षा तेज कर दी है। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में बोकारो विधायक से प्राप्त पत्र के आलोक में मामले की समीक्षा की गई। बैठक में विस्थापित अप्रेंटिसों की मांगों और नियोजन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।

उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य सरकार के गृह विभाग को भेजे जाने वाले विस्तृत प्रतिवेदन में सभी तथ्यों और आवश्यक दस्तावेजों को शामिल किया जाए। इसमें चरणबद्ध भूमि अधिग्रहण, नियोजन संबंधी प्रावधान, अब तक हुई कार्रवाई, अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों की संख्या तथा नियोजित और शेष अभ्यर्थियों का पूरा ब्योरा दर्ज करने को कहा गया।
प्रशासन के अनुसार, सभी आवश्यक अभिलेखों के संकलन के बाद आगामी एक-दो दिनों में राज्य सरकार को प्रतिवेदन भेजा जाएगा। इससे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बैठक में भूमि अभिलेखों के डिजिटाइजेशन पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने डीपीएलआर को नियमानुसार निविदा प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



