खेलगांव में 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता संपन्न, मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

रांची: खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में सोमवार को 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 का समापन हुआ। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने विजेता टीमों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों से मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
महिला वर्ग में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) 37 अंकों के साथ प्रथम रहा। उत्तर प्रदेश पुलिस ने 34 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि असम राइफल्स और बीएसएफ 23-23 अंकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
पुरुष वर्ग में आईटीबीपी ने 53 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। उत्तर प्रदेश पुलिस 22 अंकों के साथ दूसरे और राजस्थान पुलिस 21 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने तीरंदाज अंकिता भकत को भी सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, एकाग्रता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। समारोह में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, डीजीपी तदाशा मिश्रा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।



