
रांची: ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रोजेक्ट भवन के एनेक्सी सभागार में दिशा समिति की राज्यस्तरीय बैठक हुई। इसमें केंद्र प्रायोजित विकास योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, कृषि सिंचाई और मत्स्य संपदा योजना की उपलब्धियों पर चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने योजनाओं के संचालन में आ रही समस्याओं और तकनीकी बाधाओं को उठाया।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने अधिकारियों को जमीनी समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए नई योजनाओं के प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने को कहा।
बैठक में सांसद विजय हांसदा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।



