रेट चार्ट से मरीजों को मिलेगी खर्च की जानकारी, मनमानी वसूली पर निगरानी की जरूरत

रांची: झारखंड के सभी अस्पतालों में अब इलाज और जांच से जुड़ी दरों का रेट चार्ट प्रदर्शित करना अनिवार्य कर दिया गया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य मरीजों और उनके परिजनों को उपचार पर होने वाले खर्च की पहले से जानकारी उपलब्ध कराना है। लंबे समय से निजी अस्पतालों में इलाज और जांच के नाम पर अधिक राशि वसूलने की शिकायतें सामने आती रही हैं।
राजधानी रांची में भी कई निजी अस्पतालों पर निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली के आरोप लगते रहे हैं। कई मामलों में मरीजों को जांच की दरों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाती। खून की जांच के नाम पर 30 हजार रुपये तक वसूले जाने की शिकायतें भी चर्चा में रही हैं।
अस्पतालों में रेट चार्ट लगने से शुल्क को लेकर पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, इस व्यवस्था का प्रभावी लाभ तभी मिलेगा, जब प्रशासन नियमित निगरानी करे और निर्धारित दरों से अधिक वसूली की शिकायतों पर कार्रवाई सुनिश्चित करे।



