
रांची: सरला बिरला पब्लिक स्कूल में मंगलवार को दो दिवसीय अंतरविद्यालयीय वाणिज्य एवं व्यवसाय सम्मेलन ‘इंद्रप्रस्थ-2026’ का शुभारंभ हुआ। सम्मेलन के पांचवें संस्करण में 10 विद्यालयों के 130 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को वित्तीय ज्ञान, व्यापारिक गतिविधियों और उद्यमिता के व्यावहारिक पहलुओं से जोड़ना है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि आईसीएआई की रांची शाखा के अध्यक्ष सीए अनीश जैन ने वित्तीय साक्षरता को व्यावसायिक निर्णयों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को नैतिकता, जवाबदेही और नवाचार के साथ उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
पहले दिन बिजनेस बाजार, आईएमएफ और बुल्स एंड बेयर जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। इनमें विद्यार्थियों ने विपणन कौशल, वैश्विक आर्थिक मुद्दों और शेयर बाजार की कार्यप्रणाली से जुड़ी अपनी समझ प्रदर्शित की। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत किया गया। प्राचार्या मनीषा शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में तार्किक सोच, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करते हैं।



