होटवार जेल, गम्हरिया थाना और सिमडेगा की घटनाओं को लेकर नेता प्रतिपक्ष ने सरकार को घेरा

रांची: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए हेमंत सरकार को घेरा। प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने होटवार जेल में युवक के साथ कथित सामूहिक यौन हिंसा, सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप तथा गम्हरिया थाना में महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य में जेल, थाना और जनप्रतिनिधियों के आवास तक सुरक्षित नहीं हैं।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने होटवार जेल की घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े मामले में पीड़िता की सुरक्षा तथा सभी आरोपों की जांच कराने की बात कही। उन्होंने पुलिस और न्यायिक हिरासत में 427 मौतों का हवाला देते हुए कहा कि 262 मामलों में न्यायिक जांच नहीं हुई। लातेहार, पलामू, देवघर और सरायकेला की घटनाओं का जिक्र कर उन्होंने पुलिस हिरासत में प्रताड़ना पर भी सवाल उठाए। मरांडी ने सरकार से जवाबदेही तय कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।



