पढ़ाई और नामांकन का झांसा देकर रांची लाने का दावा, पीड़िता का मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज होगा बयान

रांची: सिमडेगा की 14 वर्षीय आदिवासी नाबालिग की शिकायत पर कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ दुष्कर्म, प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पीड़िता का बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। मामला पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के तहत भी जांच के दायरे में है।
प्राथमिकी के मुताबिक, मई 2026 में एमा बड़ा और जोसिमा खाखा नामक महिलाएं बच्ची को पढ़ाई और स्कूल में नामांकन कराने का भरोसा देकर सिमडेगा से रांची लायी थीं। आरोप है कि विधायक आवास में उससे घरेलू काम कराया जाता था। काम में देरी या विरोध करने पर मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पांच अगस्त 2026 को विधायक आवास संख्या-12 में विधायक ने उसके साथ जबरदस्ती की और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। अगले दिन वह गांव लौट गई। स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उसने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अन्य आरोपित महिलाओं की भूमिका की भी जांच कर रही है।



