मुख्यमंत्री ने कहा- जनकल्याण और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में राज्य की योजनाएं दूसरे प्रदेशों के लिए बन रहीं प्रेरणा

रांची: झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस पर रविवार को आयोजित समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मझगांव के विधायक निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक के सम्मान से नवाजा गया। इसके अलावा पूर्व विधायकों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले विधानसभा कर्मियों और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर है, जहां राज्य के जनसामान्य के हितों को ध्यान में रखकर निर्णय लिए जाते हैं। यह संस्था लोकतांत्रिक मूल्यों, मानवता और जनकल्याण का प्रतीक है। इसकी गरिमा बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में झारखंड की पहल दूसरे राज्यों के लिए भी नजीर बन रही है। सरकार वर्ष 2050 के झारखंड की तस्वीर को ध्यान में रखकर विकास की योजनाएं तैयार कर रही है। उद्देश्य राज्य को विकसित, समृद्ध और सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि अलग राज्य के आंदोलनकारियों के सपनों को पूरा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में विधानसभा की मासिक पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन और ‘विधानमंडल का व्याकरण’ पुस्तक का लोकार्पण भी किया गया।



