कल्पना सोरेन ने भी अर्पित किए श्रद्धासुमन, शोकाकुल परिवार से मिलकर जताई संवेदना


जमशेदपुर: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शुक्रवार को घोड़ाबांधा स्थित झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के आवास पहुंचे। उन्होंने अर्जुन मुंडा की दिवंगत माताजी स्व. सायरा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन ने भी दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मौके पर मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त अर्जुन मुंडा एवं उनके परिवारजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत पुण्यात्मा की शांति और सद्गति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति, धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।
मुख्यमंत्री का घोड़ाबांधा स्थित हेलीपैड पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक समेत स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौके पर उपस्थित रहे।



