
रांची: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलने का स्वागत किया है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया। साहू ने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था के तहत झारखंड में लोकसभा की सीटें 14 से बढ़कर 21 और विधानसभा की सीटें 81 से बढ़कर लगभग 121 हो सकती हैं।
उन्होंने कहा कि परिसीमन से निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण होगा और जनप्रतिनिधियों को जनता तक पहुंचने तथा उनकी समस्याओं के समाधान में सहूलियत मिलेगी। सीटों की संख्या बढ़ने से अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति सहित अन्य वर्गों का प्रतिनिधित्व भी बढ़ने की संभावना है। इससे राज्य की आवाज संसद और विधानसभा में अधिक प्रभावी ढंग से उठ सकेगी।
साहू ने कहा कि महिला आरक्षण महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी में उचित अधिकार और सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे नीति निर्धारण और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका बढ़ेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दशकों तक महिला आरक्षण के मुद्दे पर केवल राजनीति की, जबकि मोदी सरकार ने इसे प्राथमिकता देते हुए ठोस कदम उठाया है।



