
विजय श्रीवास्तव
निरसा: एमपीएल हाईवे की जर्जर स्थिति, सड़क पर उड़ती धूल और बड़े-बड़े गड्ढों से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश बुधवार को फूट पड़ा। ग्रामीणों ने एकजुट होकर एमपीएल की ट्रांसपोर्टिंग व्यवस्था को ठप कर दिया और सड़क की मरम्मत तथा धूल नियंत्रण की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर लगातार भारी वाहनों के परिचालन के कारण धूल का गुबार उठता है, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। वहीं सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए ट्रांसपोर्टिंग रोक दी।
मामले की जानकारी मिलने पर एमपीएल प्रबंधन के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। प्रबंधन की ओर से आश्वासन दिया गया कि सड़क की मरम्मत, गड्ढों की भराई तथा धूल नियंत्रण के लिए आवश्यक कार्य अगले तीन दिनों के भीतर शुरू कर दिए जाएंगे और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
प्रबंधन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा में कार्य नहीं हुआ तो वे फिर से आंदोलन करने को बाध्य होंगे। फिलहाल एमपीएल द्वारा तीन दिनों के भीतर समस्या समाधान के आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य हुई।
Leave a Reply